कोरोना के खतरे से बंद हुए खजुराहो के मंदिर, पुरातत्व विभाग ने मंदिरों सहित सभी स्मारकों के प्रवेश पर लगाई रोक


छतरपुर,17 मार्च। कोरोना की दहशत का असर धरती से आसमान तक दिखाई दे रहा है जहां विदेशों से हवाई यात्रा कर आने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है तो वहीं सार्वजनिक स्थलों पर जाने से भी लोगों को रोका जा रहा है। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल के स्मारकों को विश्व विरासत की सूची में शामिल किया गया है।


खजुराहो के मंदिरों और स्मारकों को पर्यटन मंत्रालय ने 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिया है। इसके अलावा मऊसहानियां स्थित राज्य स्तरीय संग्रहालय धुबेला को भी बंद कर दिया गया है।


कोरोना जैसे खतरनाक वायरस से बचाव के उपाय लगातार जारी हैं। प्रदेश में इस बीमारी को फैलने से रोकने के लिए उन सभी स्थानों को बंद किया जा रहा है जहां भीड़भाड़ अधिक होती है। पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार ने विश्व विरासत सूची में शामिल खजुराहो के मंदिरों और स्मारकों के भ्रमण पर रोक लगा दी है। वहीं राज्य स्तरीय संग्रहालय धुबेला को भी बंद कर दिया गया है।


उल्लेखनीय है कि खजुराहो के मंदिरों और स्मारकों के साथ ही धुबेला संग्रहालय को देखने के लिए बड़ी संख्या में देशी-विदेशी सैलानी आते थे लेकिन इन सभी पुरातत्व महत्व के स्थानों को बंद किया गया है। हालांकि इससे गाइड सहित अन्य व्यवसायियों को काफी समस्याओं से जूझना पड़ेगा।